फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिनदहाड़े सर्राफ को गोली मारकर गहनों से भरा बैग लूटा

Sat, 21 Feb 2015 11:58 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, फतेहपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
दुकान खोलने जा रहे सर्राफा कारोबारी को दिनदहाड़े गोली मारकर बदमाशों ने सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बाइक सवार सशस्त्र बदमाशों से व्यवसायी व ग्रामीणों ने मोर्चा लिया, लेकिन बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
विज्ञापन


आक्रोशित ग्रामीणों ने बांदा सागर हाइवे मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने व्यापारी को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। मौके पर पहुंचे डीएम, एसपी ने लुटेरों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया।

कोतवाली क्षेत्र के बांदा सागर हाइवे पर भवानीपुर गांव में सर्राफा व्यवसायी उदय सोनी पुत्र अशोक सोनी की गांव में अशोक ज्वैलर्स के नाम से दुकान है।

शनिवार की सुबह करीब दस बजे उदय दुकान खोल रहा था। उसके पास दो बैगों में सोने चांदी के जेवर अलग अलग थे, तभी एक बाइक  पर सवार तीन सशस्त्र बदमाश सर्राफा व्यवसायी से बैग छीनने लगे।
विज्ञापन


विरोध करने पर एक बदमाश ने उस पर फायर झोंक दिया। गोली कमर के ऊपरी हिस्से को छूते हुए निकल गई। विरोध में व्यापारी ने एक बदमाश के सिर पर ताला मार कर लहूलुहान कर दिया, जिससे चांदी से भरा बैग बच गया, लेकिन सोने भरा बैग बदमाश लूटने में सफल हो गए।

इसी समय इंद्रपाल पासवान, रामू यादव, होरीलाल व अन्य ग्रामीणों ने भी घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने के लिए मोर्चा संभाला, लेकिन बदमाश ताबड़तोड़ फायरिंग की और भाग निकले।

पीड़ित ने बताया कि एक बैग में नौ किलो चांदी के जेवरात व दूसरे बैग में लगभग दो सौ ग्राम सोने केे जेवरात थे। उधर, ग्रामीणों ने घायल सर्राफ को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

उदय सोनी ने बताया कि बैग में दो सौ ग्राम सोने के  जेवरातों में तीन हार, चार चूड़ी, दस अंगूठी, नथुनी आदि थी। घटना से नाराज ग्रामीणों ने जाम लगा दिया।

सूचना पर पहुंचे सीओ अनुराग दर्शन, कोतवाल आरएन त्रिपाठी ने पड़ताल की। लुटेरों की गिरफ्तारी के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम हटाया।

घटना के बाद डीएम राकेश कुमार और एसपी सालिगराम वर्मा मौके पर पहुंचे और जरूरी निर्देश दिए। कोतवाल ने बताया कि बदमाशों के पास 315 बोर का तमंचा रहा है। घटना स्थल से 315 बोर की कारतूस बरामद हुई है। लूट का मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

इंसेट
डेढ़ घंटे तक लगा रहा जाम
बिंदकी। भवानीपुर में सर्राफा व्यवसायी को गोली मारकर साढ़े पांच लाख रुपये सोने की लूट के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे तक बांदासागर हाइवे मार्ग जाम कर दिया। इससे दोनों तरफ आने जाने वाले वाहनों की कतार लग गई। राहगीरों को इससे काफी दुश्वारियां भी हुईं। परीक्षा छूटने के समय हुई घटना से छात्र-छात्राओं को भी दो चार होना पड़ा। सीओ अनुराग दर्शन ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल्द ही लुटेरे पकड़े जाएंगे। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें