बिजली के पोल में बांधकर कल्लो देवी को उसके ही पति
ने बेरहमी से पीटा। गुस्से में गड़ासा उठाया और दाहिने पैर पर वार कर दिया।
इस सनसनीखेज वारदात को आरोपी पति ने सरेराह सड़क पर अंजाम दिया। फिर भी
कोई बचाने नहीं आया। आखिर कौन सी ऐसी वजह रही कि किसी ग्रामीण या पड़ोसियों
ने बचाने की हिम्मत नहीं की।
बता दें किशनपुर थाना क्षेत्र के ब्योती
गांव निवासी शिवप्रसाद ने मंगलवार की रात अपनी पत्नी कल्लो देवी के साथ
बर्बर घटना को अंजाम दिया। जिला अस्पताल में भर्ती कल्लो को डाक्टरों ने
रक्तस्राव न रुकने पर हैलट अस्पताल, कानपुर के लिए रेफर किया।
उसे कानपुर
पहुंचाने के लिए थाने से सिपाही राजेंद्र सिंह यादव भी गए। सिपाही ने हैलट
में पीड़िता को दोपहर साढ़े तीन बजे पहुंचा दिया। डॉक्टरों ने एक्सरे कराया
और खून का रिसाव रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
कल्लो की तीमारदारी में उसकी
बहनें संगीता और गीता हैं। उन्होंने फोन पर बताया कि बहन का पति नशे का लती
है। वह अक्सर बहन के साथ मारपीट करता था लेकिन बहनोई चार भाई है। वे सभी
आसपास ही रहते हैं।
उसकी बहन को सड़क पर बिजली के पोल में बांधा गया। वह
चीख पुकार मचाती रही। उसकी चीखें सुनने के बाद भाइयों व उनके परिजनों ने
अनसुनी कर दी। कल्लो की दो मासूम बेटियां रोशनी (5) और चांदनी (2) हैं। इन
बच्चियों की परवरिश को लेकर अब सभी चिंतित हैं।