गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद
करने की कवायद रविवार को दिखी। जगह-जगह पर वाहनों की चेकिंग और संदिग्धों
की धरपकड़ का अभियान चलाया गया। एसपी राउंड पर रहे तो सीओ से लेकर चौकी
इंचार्ज तक सड़क पर दिखाई पड़े। ट्रिपलिंग करने वाले और हेलमेट न लगाने
वालों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी रविवार सुबह दस
बजे राउंड पर निकले। शहर कोतवाली और पुलिस चौकियाें का औचक निरीक्षण किया।
इसके बाद 26 जनवरी को लेकर सतर्क ता अभियान चलाने के निर्देश जारी किए।
ट्रैफिक इंचार्ज शैलेंद्र सिंह पूरी टीम के साथ चौराहों पर टोकाटाकी करते
रहे। चौपहिया वाहनों की सघन तलाशी ली गई। वहीं क्षेत्राधिकारियों ने
निर्देशन पर थानों और चौकि यों में वाहनों की चेकिंग का अभियान चला।
सदर
कोतवाली, गाजीपुर, खखरेरू, धाता, किशनपुर, खागा, सुल्तानपुर घोष, हथगाम,
हुसैनगंज, जाफरगंज, चांदपुर, कल्यानपुर, मलवां, औंग, असोथर, बिंदकी, बकेवर,
जहानाबाद के थानेदार भी चेकिंग करते दिखाई पड़े।
सीओ सिटी वंदना सिंह और
कोतवाल आरके पांडेय ने रात को होटलों की चेकिंग की। होटलों के मैनेजरों से
ठहरने वाले लोगों की आईडी प्रूफ चेक की। मैनजरों को लिखित नोटिस जारी किया
कि वह लोग सतर्क रहें।
किसी भी संदिग्ध के होटल में आने पर पुलिस को सूचना
दी जाए। बगैर पहचान पत्र के किसी को भी कमरे नहीं दिए जाए। एसपी पीआरओ
गुरमुख सिंह ने बताया कि चेकिंग अभियान में 284 वाहनों का चालान किया गया।
21 वाहनों को सीज किया गया और 39 हजार चार सौ पचास रुपये का शमन शुल्क
वसूला गया है।