बागपत की बिटिया की साइकिल बरामद करने के लिए पुलिस दो दिन से कल्याणपुर का जंगल खंगाल रही है, लेकिन सफलता नहीं मिली है। पुलिस को इसी जंगल से बिटिया का स्कूली बस्ता बरामद हुआ था।
सिंघावली अहीर क्षेत्र के एक गांव की बिटिया, कस्बा अमीनगर सराय के आचार्य जयसागर कन्या इंटर कॉलेज में कक्षा दस में पढ़ती थी। 31 दिसंबर को वह घर से कॉलेज में गई थी और घर नहीं लौटी थी। 10 जनवरी को उसका शव पूठड़ गांव में ईख के खेत में मिला था। उसके साथ दरिंदगी करने के बाद हत्या की गई थी।
पुलिस ने सैडभर गांव के चार युवकों को गिरफ्तार कर केस का खुलासा तो कर दिया था, लेकिन साइकिल और बस्ता बरामद नहीं कर पाई थी। इसको लेकर पुलिस की भारी फजीहत हुई थी। पुलिस ने आरोपियों को तीन दिन के पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर 18 जनवरी की रात को उनकी निशानदेही पर मेरठ के गांव कल्याणपुर के जंगल से बिटिया का बस्ता बरामद कर लिया था। उसकी साइकिल अभी तक बरामद नहीं हुई है।
पुलिस साइकिल बरामद करने के प्रयास में लगी हुई है। सिंघावली अहीर थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह का कहना है कि बिटिया की साइकिल को हिंडन नदी के किनारे और कल्याणपुर गांव के जंगल में तलाश किया गया है, लेकिन अभी साइकिल का कहीं पता नहीं चला है।