ताले की जगह कुंड़ी काटने पर देखते पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
हरिहरगंज चौकी क्षेत्र नप्पीहाता इलाके में मकान के सात दरवाजे की कुंडी काटकर चोर लाखों का माल बटोर ले गए। चोरी एक ही मकान में ही रहने वाले बैंक कर्मी व डॉक्टर के घरों में हुई। इलाकाई लोगों में दिन में भी सुरक्षित न होने का भय दिखा।
कोऑपरेटिव बैंक कर्मचारी आरएस यादव का नप्पीहाता के पीछे गली में मकान है। उनके बाहर के कमरे में जिला अस्पताल में तैनात मानसिक रोग चिकित्सक ललित प्रताप सिंह किराए पर रहते हैं। बैंककर्मी अपनी पत्नी के साथ तीन दिन पहले जौनपुर परिवार में आयोजित शादी समारोह में गए थे। शुक्रवार की सुबह डॉक्टर अस्पताल चले गए।
दोपहर को करीब ढाई बजे वापस कमरे में आए और गेट का ताला खोलकर अंदर गए। ठीक सामने वाले अपने कमरे की कुंडी कटी देख हैरान रह गए। बैंक कर्मी के दरवाजे की भी कुंडी कटी देखी। खबर पर कोतवाल आरके पांडेय पहुंचे। कोतवाल बैंक कर्मी के कमरे के अंदर पहुंचे तो दूसरे कमरे की कुंडी कटी मिली। कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था।
आंगन के पीछे बेडरूम में दो अटैचियां खुली पड़ी थीं। कमरे में ही अलमारी का लॉक टूटा पड़ा था। अलमारी सामान से खाली थी। पुलिस ने बैंक कर्मी से मोबाइल पर बातचीत की और चोरी की खबर दी। बैंक कर्मी ने पुलिस को कीमती जेवरात, नगदी रखे होने की जानकारी दी।
उधर, डाक्टर ने बताया कि कमरे से दस हजार रुपये की नगदी, पचास हजार रुपये कीमत की रोलेक्स और टैगवैट कंपनी की कलाई घड़ी चोरी की गई है। कोतवाल आरके पांडेय ने बताया कि बैंक कर्मी के आने के बाद चोरी सामान की सूची तैयार की जाएगी। जिससे चोरी कितने की हुई यह ज्ञात हो सकेगा।