मंडावर क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर में खेत में पानी चलाने के विवाद में हुई युवक की हत्या पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में मंडावर थाने के गांव गोपालपुर में शुक्रवार शाम खेत में पानी देने के विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई और उसके मां-बाप व भाई को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। दूसरे पक्ष के भी दो युवक घायल हुए। पुलिस ने तीन को दबोच लिया है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंडावर थाने के गांव गोपालपुर निवासी जयराम का अपने चचेरे भाई चिरंजी से जंगल में नाली के ऊपर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को चिंरजी का 23 वर्षीय बेटा अमित व ललित और जयराम का बेटा सचिन व विपिन जंगल अपने खेतों में पानी देने के लिए गए थे। पुलिस के मुताबिक शाम करीब साढ़े पांच बजे दोनों पक्षों में नाली में पहले पानी देने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पहले तो दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। फिर अमित की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अमित के पिता चिरंजी, भाई ललित व मां केलो देवी भी इस विवाद में गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरे पक्ष की ओर से विपिन और सचिन भी मामूली रूप से घायल हो गए। पुलिस ने जयराम, विपिन व सचिन को गिरफ्तार कर लिया है। मंडावर थाने के प्रभारी निरीक्षक राजवीर सिंह के मुताबिक दोनों पक्षों में नाली में पहले पानी देने के लिए विवाद हुआ और आपस में भिड़ गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।