हथगाम थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच मारपीट के
बाद तनाव की स्थिति बन गई है। कस्बे में कई थानों की फोर्स के साथ ही पीएसी
भी तैनात कर दी गई है। दोनों पक्षों की तहरीर पर एक-दूसरे के खिलाफ
रिपोर्ट दर्ज की गई है।
हथगाम के वार्ड नंबर दो के रहने वाला शहनवाज
धनतेरस की रात बाइक से किसी लड़की के साथ जा रहा था। तभी उधर से सौरभ सिंह
यादव गुजरा। यह शहनवाज को नागवार लगा और उसने अपने साथियों को बुला लिया।
सभी ने मिलकर थाने के पास सौरभ की पिटाई कर दी। इसी खुन्नस में शनिवार को
सौरभ ने अपने साथियों के साथ मिलकर शहनवाज को पीट दिया। घटना के बाद दोनों
पक्षों के लोग लामबंद हो गए।
दोनों तरफ से तमाम लोग एकजुट होकर सड़क पर
निकल आए। पुलिस मौके पर पहुंची और हालात बिगड़ते देखकर अधिकारियों को सूचना
दी गई। एएसपी राजकमल यादव और सुल्तानपुर घोष, खागा पुलिस व पीएसी पहुंची।
एएसपी ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत कराया। एक पक्ष की तहरीर पर
शहनवाज और साहब आलम और दूसरे पक्ष के सौरभ सिंह और विशाल मिश्रा निवासी
तेहीपारा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना के बाद तनाव की स्थिति है।
जिसे देखते हुए पुलिस और पीएसी तैनात है। एएसपी राजकमल यादव ने बताया कि
दोनों पक्षों ने सुलह समझौता कर लिया है। इनके बीच चार दिन पहले मारपीट हुई
थी। शनिवार को दोबारा घटना हुई है। इसी वजह से दोनों पक्षों कार्रवाई की
गई है।