बरेली के नकटिया निवासी अजीत सिंह कई साल से मोहित वर्मा के यहां नौकरी करता था। इस दौरान उसका मोहित वर्मा की पत्नी मोनिका वर्मा से प्रेम प्रसंग हो गया। दो महीने पहले अजीत सिंह मोनिका को लेकर भाग गया। इसकी रिपोर्ट मोहित वर्मा ने कैंट थाने में दर्ज कराई थी। बाद में मोनिका घर लौट आई। मोनिका का मायका दातागंज के मोहल्ला अरेला में है। भैया दूज पर वह अपने पति मोहित वर्मा के साथ मायके आई थी। शुक्रवार को मोनिका ने फोन करके अजीत को अपने मायके दातागंज के मोहल्ला अरेला बुलाया। यहां दोनों एक मंदिर में मिले। मोहित भी मोनिका के साथ था।
अजीत का आरोप है कि पहले दोनों के बीच बात होती रही। मोहित ने अजीत से मोनिका का पीछा छोड़ने की बात कही। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई। तभी मोहित वर्मा ने अजीत के सीने पर गोली मार दी। अजीत के भाई चंदन सिंह की ओर से मोहित और मोनिका के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अजीत का इलाज बरेली के एक अस्पताल में चल रहा है।
वारदात प्रेम प्रसंग के चलते हुई थी। घायल के भाई की ओर से मोनिका और उसके पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। कुछ दिन पहले अजीत मोनिका को लेकर भाग गया था। मोहित की ओर से उसके खिलाफ थाना कैंट में मुकदमा दर्ज कराया गया था।-सौमित्र यादव, एसएसपी