कर्मचारियों से पूछताछ करते अपर मुख्य चिकित्साधिकारी
हंसवा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को हुए बवाल को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी ने जांच शुरू करा दी है। शुक्रवार सुबह जांच अधिकारी अपर मुख्य चिकित्साधिकारी पीएल दशारिया ने कर्मचारियों के बयान दर्ज किए।
बता दें कि गुरुवार को पीएचसी में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह व संविदा महिला चिकित्सक डॉ. अनीता सिंह के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी को दफ्तर से भागना पड़ा था। इसका मुख्य कारण प्रसव केंद्र में रखा डाइट रजिस्टर बताया गया।
फर्जी भुगतान को लेकर डाटा प्रोग्राम मैनेजर ने भुगतान पर रोक लगा दी थी। इसी बात पर खींचतान चल रही थी। विवाद की मूल वजह जानने शुक्रवार को मुख्यालय से एसीएमओ डॉ. पीएल दशारिया हंसवा पहुंचे। बयान दर्ज करने के बाद डॉ. दशारिया ने कहा कि वह सीएमओ को जांच रिपोर्ट देंगे, जो होना है वहीं से होगा।
उधर, शिकायत के बाद भी पुलिस ने अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. कुमार आनंद ने कहा कि यदि शनिवार तक अभद्रता करने वाले डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई, तो एसपी ऑफिस के सामने धरना पर बैठ जाएंगे। सीएमओ वीके पांडेय ने कहा कि प्रकरण को गंभीरता से लिया गया है। शुक्रवार को मामले की जांच के लिए एसीएमओ डॉ पीएल दशारिया को नियुक्त किया गया है। सोमवार तक जांच रिपोर्ट मिल जाएगी। उसके बाद ही दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।