फतेहपुर। खखरेरू पुलिस ने मोबाइल शॉप में चोरी के दस दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से चोरी के आठ मोबाइलों में सात की बरामदगी हुई है। आरोपी को दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा था। इसी वजह से पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मफलर बांध लिया था। खखरेरू एसएचओ जीपी सिंह ने फोर्स के साथ जहांगीरनगर गौरा गांव में चाय की दुकान से मंगलवार को रामचंद्र निवासी जहांगीरनगर गौरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ के बाद आरोपी ने अपने घर में रखे बक्से से तीन मोबाइल और गेहूं भरे ड्रम से चार मोबाइल बरामद कराए। एसएचओ ने बताया कि आरोपी से चोरी करने की वजह पूछी गई तो बताया कि उसकी ससुराल में रिश्तेदार की शादी है। शादी में जाने के लिए रुपये नहीं थे। कस्बे में रोहित केसरवानी की पांच फरवरी की शाम दुकान का शटर आधा खुला दिखा था।
उस वक्त पास में ही रोहित मंदिर आरती में चला गया था। दुकान में कैमरा लगा देखकर चेहरे पर मफलर बांधा। दुकान में घुसकर आठ मोबाइल चुरा ले गया था। चोरी मोबाइल घर ले गया तो पत्नी ने पूछताछ की। उसकी पत्नी को मोबाइल चोरी के होने का शक हो गया था। इस सदमे में पत्नी बीमार भी हो गई। एसएचओ ने बताया कि आरोपी एक मोबाइल मुसलिम लड़के को बेचा था। मुखबिर से मोबाइल के ग्राहक तलाशने की खबर मिली थी। पुलिस ने सादी वर्दी में रामचंद्र को ट्रेस किया था। वीडियो और आरोपी के हाथ में पहने कड़े, घड़ी एक समान मिले। हुलिया भी एक जैसा था। तब उसे गिरफ्तार कर लिया गया। चोरी के बाद घर भी कम आता जाता था।