अमर उजाला ब्यूरो
औंग (फतेहपुर)। रावतपुर गांव में सोमवार की रात चोरों ने परिजनों को कमरों में बंद कर चचेरे भाइयों के घर से लाखों का माल पार कर दिया। हो हल्ला मचने पर चोर बक्से लेकर भाग गए। बाद में कुछ खाली बक्से खेतों पर पड़े मिले। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।
थानाक्षेत्र के रावतपुर गांव निवासी विमल सिंह भदौरिया दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। घर में उनकी पत्नी शकुंतला, बेटा भूपेंद्र व बहू गायत्री रहते हैं। भूपेंद्र बाहर के कमरे में लैपटॉप चलाते हुए रात को सो गया था। शकुंतला गांव के महामाया मंदिर में कीर्तन में गई थीं। गायत्री कमरे में सो रही थी। अचानक रात लगभग दो बजे चोरों की आहट सुन गायत्री ने शोर मचा दिया। कमरा बाहर से बंद था। शोर सुनकर भूपेंद्र कमरे की ओर दौड़कर पहुंचा। तब तक चार चोर चार बक्से उठाकर तेजी से बाहर की ओर भाग निकले। भूपेंद्र ने पड़ोसियों को जगाया।
ग्रामीणों ने यूपी 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। जंगल की ओर पहुंचे तो चोर बक्से लेकर भागते दिखे। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस मौके से लौट गई।
शोरशराबा पर विमल के पड़ोसी राकेश सिंह भदौरिया के घर से चीख पुकार सुनाई दी। राकेश और उनकी पत्नी मंजू देवी को कमरे में बंद कर दिया था। ग्रामीणों ने उनके कमरे का दरवाजा खोला। राकेश सिंह ने बताया कि दूसरे कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर 35 हजार रुपये नकदी, एक सोने की चेन बीस ग्राम, चार अंगूठी बीस ग्राम, कान का झाला दस ग्राम, चांदी के पायल, बिछुवा करीब दो लाख का माल चुरा ले गए हैं।
इधर, भूपेंद्र ने बताया कि अटैची का लॉक तोड़कर चार पांच हजार रुपये नकदी, सोने की दस ग्राम बेंदी, 25 ग्राम सोने की पांच अंगूठी, चांदी के पायल, बिछुवा, हाफपेटी और कपड़ों के चार बक्से को उठा ले गए हैं। जंगल में मंगलवार सुबह विमल के घर के बक्से और कपड़े मिले। थानेदार आरके पटेल ने बताया कि पीड़ितों को तहरीर लेकर बुलाया गया है। पुलिस ने आसपास इलाके में छानबीन की है। लेकिन कोई सुराग नहीं लगा था।
राकेश के घर दोबारा चोरी, पास लगती फड़
पीड़ित राकेश ने बताया कि उनके घर में दोबारा चोरी हुई है। तीन साल पहले गांव के चार घरों में एक साथ चोरी के दौरान सारा माल चोर उड़ा ले गए थे। गांव में काफी दिनों से जुआरियों का अड्डा लगता है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ नहीं करती है। इसी वजह से चोरियां हो रही हैं। घटना की खबर के बाद रात को पुलिस नहीं आई। थाने में सूचना के बाद दो सिपाही आए थे।