अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। पशुचर की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत पर गुरुवार को पुलिस व प्रशासन का चाबुक चला। अफसरों को चार बीघा गेहूं की फसल मिली। फसल पर ट्रैक्टर चलवा दिया गया।
जिले में पहला पशु आश्रय केंद्र तेलियानी ब्लाक के रारा गांव में खुलने की हरी झंडी प्रशासन ने दे दी है। यहां पर पशुचर की 60 बीघा जमीन पर इस केंद्र को खोला जाना है। डीएम कुमार प्रशांत को इस जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत मिली थी। गुरुवार को वह एसपी श्रीपर्णा गांगुली, एसडीएम अवनीश राय व सीओ कपिलदेव मिश्र के साथ मौके पर पहुंचे और पड़ताल की। इस पड़ताल में रारा के चेतराम नामक ग्रामीण का चार बीघा जमीन पर कब्जा दिखा।
किसान ने गेहूं की फसल बो रखी थी। डीएम ने सामने खड़े होकर नाजायज तरीके से बोई गई इस फसल पर ट्रैक्टर चलवा दिया। पशुचर की जमीन के और भी हिस्से में अतिक्रमण की बात सामने आई। जिस पर उन्होंने लेखपाल को निर्देशित किया कि पैमाइश कराकर जमीन को मुक्त कराएं।
डीएम ने जिले स्तर पर गठित पुलिस व प्रशासन की 102 टीमों को जिम्मा सौंपा है कि वह सप्ताह में कम से कम दो दिन क्षेत्र का भ्रमण कर ग्राम समाज की जमीन को चिह्नित करें, जहां अतिक्रमण दिखे, उसे अविलंब खाली कराएं।