अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। कौशांबी से अगवा किए गए गिट्टी लोड ट्रक के चालक और परिचालक को खखरेरू थाना क्षेत्र के भीमपुर गांव के पास हाथ पैर बांधकर स्कार्पियो सवार बदमाश भाग निकले। ट्रक भरतकूप से चला था। पुलिस ने दोनों को सुपुदर्गी में लेने के बाद कौशांबी पुलिस को सूचना दी है।
इलाहाबाद जिले के बारा थाना क्षेत्र के लोहगरा गांव निवासी रमेश निषाद और आजमगढ़ जिले के थाना तावापुर के मेढ़ी गांव निवासी मोहम्मद शाहिद ट्रक के चालक और परिचालक हैं। दोनों चित्रकूट जिले के भरतकूप से गिट्टी लोड कर इलाहाबाद जा रहे थे। कौशांबी के ओसा चौराहे में एक ढाबे में ट्रक खड़ा कर भोजन किया और केबिन में सो गए।
रात में स्कार्पियो सवार बदमाशों ने केबिन के अंदर असलहे दिखाकर कब्जे में ले लिया। दोनों के हाथ पैर बांधने के बाद ट्रक जंगल में ले गए। एक बदमाश ट्रक चला रहा था। जंगल में दोनों को ट्रक से उतार कर स्कार्पियो में जबरन बैठा लिया। चालक ने बताया कि आंख में पट्टी बांधकर उन्हें बदमाश गाली गलौच और मारपीट करते हुए ले जा रहे थे। उसके विनती करने के बाद उन्हें स्कार्पियो से धकेल दिया।
खखरेरू एसओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान ऐमापुर और भीमपुर के बीच से चालक ओर परिचालक को देखा गया। पूछताछ में वारदात का खुलासा हुआ। जिस पर इस मामले से कौशांबी पुलिस को अवगत करा दिया गया है।
चालक-परिचालक को अगवा कर ले गए ट्रक
स्कार्पियो सवारों ने चालक और परिचालक को खखरेरू में फेंका
चित्रकूट के भरतकूप से गिट्टी लोड कर आ रहा था चालक