खागा। चोरी, लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर प्रतापगढ़ बेल्हा गैंग के लुटेरे पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस का दावा है कि संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, लुटेरे जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में भैरवां कला के पास बाइक सवार बदमाशों ने दो सराफा कारोबारी राजन सोनी व चेतन सोनी को लूट लिया था। विरोध करने पर राजन के सिर पर तमंचे की बट मारकर घायल भी कर दिया था। पुलिस ने करीब दस बदमाशों के इस गैंग के दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। अभी भी आठ बदमाष पुलिस
की पकड़ से दूर हैं। पुलिस ने उन्हें फिलहाल फरार की लिस्ट में डाल रखा है। वहीं पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस के पास इन आठ बदमाशों की न तो तस्वीर है और न ही ठोस नाम व पता। ऐसे में जनपद की सीमावर्ती थानों का माहौल कभी भी यह बदमाश गरम कर सकते है। पूर्वी फतेहपुर के हिस्से में खागा, सुल्तानपुर घोष, खखरेरू, धाता,
किशनपुर और हथगाम थाना शामिल हैं। जिला पुलिस प्रतापगढ़ (बेल्हा) के इस गैंग के बदमाशों के लेकर कुछ ठंडी पड़ गई है। चुनाव आयोग के फरमान के बाद जनपद में तैनात निरीक्षकों को गैर जनपद भेजा जा चुका है। वहां से बड़ी संख्या में निरीक्षक आ चुके हैं और उन्हें तैनाती भी मिल चुकी है। पर, नए थानेदारों के सामने थाना क्षेत्र की
भौगोलिक स्थितियां, अपराध की नब्ज पकड़ना बेहद चुनौतीपूर्ण है। वह भी जब उनके पास संभावित चुनाव के चलते कम समय बचा हो। सुल्तानपुर घोष पुलिस ने घटना से सबक लिया है। ऐसे में यहां के कुछ कारोबारियों को चिह्नित किया गया है। इनके घर से निकलने और प्रतिष्ठान से लौटते समय पुलिस का बंदोबस्त कर दिया गया है। दो सिपाही असलहे से लैस होकर व्यापारियों को अपनी देखरेख में घर से दुकान व दुकान से घर ले जाते है। पर, यह व्यवस्था पुलिस कब तक दे सकेगी, यह बड़ा सवाल है।
बेल्हा गैंग के शातिर पुलिस की पकड़ से दूर
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में सराफा भाइयों से लूट की घटना हुई थी
अमर उजाला ब्यूरो