फतेहपुर। बजट मंजूरी के बाद भी बिना काम पूरा हुए आचार संहिता लग जाने से नाराज डीएम ने जिला पंचायतराज विभाग के एक लिपिक अभिषेक वाजपेयी को निलंबित कर दिया। डीपीआरओ अजय आनंद सरोज के निलंबन की संस्तुति की।
मामला यूं है कि ब्लाकवार नौ अंत्येष्टि स्थल बनने के लिए ढाई करोड़ रुपये जिले को शासन से मिले थे। जिला पंचायतराज अधिकारी की ओर से छह महीने तक इस पर कोई फाइल नहीं चलाई गई। जब आचार संहिता लगने की बात आने लगी तो फाइल आनन-फानन में फाइल संस्तुति के लिए भेजी गई। फाइल पर ढाई करोड़ रुपये का आर्डर भी हो गया लेकिन जब ब्लाकों के खाते में रकम डालने की बारी आई तो आचार संहिता लग गई। अब यह योजना की रकम को शासन में सरेंडर करने की स्थिति बन गई है। इसका पता चलते ही जिलाधिकारी संजीव सिंह ने फाइल तलब की। जिलाधिकारी ने इसमें विभागीय स्तर पर शिथिलता पाई। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने डीपीआरओ के निलंबन की संस्तुति कर दी। साथ ही जिला पंचायतराज विभाग के संबंधित पटल प्रभारी लिपिक अभिषेक वाजपेयी को निलंबित कर दिया है।