चचेरे भाइयों पर खौलते तेल की कढ़ाई पलटी
चौडगरा। कल्यानपुर थाने के पहुर मोड़ पर उधारी मांगने पहुंचे चचेरे भाइयों पर शुक्रवार की रात दुकानदार ने खौलते तेल की कढ़ाई पलट दी। घटना के दौरान पथराव भी हुआ। झुलसे चचेरे भाइयों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से रिपोर्ट दर्ज की है।
पहुर गांव निवासी नवाब सिंह का बेटा शिवा दिल्ली में प्राइवेट नौक री करता है। वह रक्षाबंधन पर गांव आया था। उसके साथ गांव के हनुमान का बेटा अजय भी पहले काम करता था। अजय कुछ माह पहले शिवा से 15 सौ रुपये उधार लेकर लौट आया था। शिवा ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई शैलेंद्र पुत्र गुलाब के साथ उधारी की रकम अजय के पास मांगने गया था।
अजय अपने पिता के चाय, पकौड़ी के होटल पर बैठा था। अजय का भाई रणविजय उर्फ ट्विंकल, लवकुश पास में अपनी मोबाइल की दुकान में थे। वह अजय से उधारी मांगने लगा। इस पर वह रुपये देने से इंकार करते हुए गाली देने लगा। विरोध करने पर अजय उसकी पिटाई करने लगा। रणविजय और लवकुश पथराव करने लगे। इसी दौरान अजय ने खौलते तेल से भरी कढ़ाई चचेरे भाइयों पर पलट दी। इससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने अजय उर्फ एमपी, रणविजय उर्फ ट्विंकल , लवकुश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं रणविजय की तहरीर पर दुकान में मारपीट करने की चचेरे भाइयों पर रिपोर्ट दर्ज की गई। एसएचओ एके तिवारी ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।
- उधारी मांगने को लेकर हो रहा था विवाद, पथराव भी किया गया
अमर उजाला ब्यूरो