अतीक के बाद डी कंपनी के नाम का मैसेज
फतेहपुर। प्रापर्टी कारोबारी मनोज सिंह से फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी के बाद मंगलवार को उनके पार्टनर भतीजे और हिंदू नेता को धमकियां दी गईं। मैसेज और कॉल एक ही नंबर से की गई। अलग-अलग लोगों को मिल रहीं धमकियों से दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपी तक पहुंचने में नाकाम है। कयास लगाए जा रहे हैं कि धमकी भेजने वाला चर्चित लोगों के बीच खौफ पैदा करने की कोशिश कर रहा है। इन्हें डरा धमका कर वसूली करना चाहता है।
ललौली थाने के कीर्तिखेड़ा गांव निवासी सुभाष सिंह पुत्र शक्ति सिंह प्रापर्टी डीलर मनोज सिंह के भतीजे हैं। सुभाष सिंह भट्ठा कारोबारी व चाचा मनोज के प्रापर्टी कारोबार में पार्टनर हैं। ललौली थाने में सुभाष ने मंगलवार को तहरीर दी है।
सुभाष ने बताया कि उसके मोबाइल पर सोमवार की रात और मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे कॉल आई। इसी मोबाइल नंबर से चाचा को तीन दिन पहले धमकी का मैसेज पहुंचा था। मैसेज अतीक अहमद चकिया इलाहाबाद की ओर से भेजा गया है। मैसेज में सुभाष और उसके चाचा मनोज पर लोगों की जमीन हड़पने समेत कई संगीन आरोप भी लगाए हैं। सुभाष से जल्द से जल्द दस लाख रुपये गफूर और अबसार के खाते में डालने के लिए कहा गया।
वहीं शहर के आईटीआई रोड निवासी हिंदू महासभा के प्रदेश महामंत्री मनोज त्रिवेदी को भी डी कंपनी के माफिया डॉन दाऊद इब्राहीम का मैसेज मिला है। इसमें एक वर्ग के खिलाफ भड़काने का आरोप लगाया है। पटेल नगर चौराहे में तलवार से काटने की धमकी दी गई है। महामंत्री से भी मैसेज के जरिए गफूर और अबसार के खाते में जान बख्शने के नाम पर दस लाख रुपये डालने के लिए कहा गया है। महामंत्री ने एसपी से मामले की शिकायत की है।
एसपी कवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपी को ट्रेस करने में जुटी है। जल्द ही धमकी देने वाला पुलिस के शिकंजे में होगा।
- अतीक के गुर्गे ने प्रापर्टी डीलर के भतीजे को की कॉल ,भेजा मैसेज, दहशत में जी रहे लोग, पुलिस ट्रेस करने में नाकाम