अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। कल्यानपुर के बक्सर पुल से छलांग लगाने वाले पवन (25) का शव चार दिन बाद डलमऊ गंगा घाट किनारे मिला। बुधवार की शाम नाविक ने शव देखा। जेब में मिले मोबाइल के सहारे उसने परिजनों को खबर दी। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के सूबेदारखेड़ा गांव निवासी महावीर का बेटा पवन बहन की डांट से नाराज होकर रविवार को दुर्गा विसर्जन में बाइक लेकर चला गया था। उसने बक्सर पुल पर बाइक खड़ी की। बाइक पर ही आधारकार्ड रखकर मोबाइल से अपनी बुआ को फोन मिलाया।
उसने बुआ से कहा कि वह गंगा में कूदकर जान दे रहा है, बाइक पुल पर खड़ी है, उसे उठवा लेना। यह कहकर उसने फोन काटकर पुल से छलांग लगा दी। उसे छलांग लगाता देख गांव के लोगों ने खोजबीन भी की। गोताखोर भी लगाए गए, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा था।
बुधवार की देर शाम डलमऊ गंगा घाट से एक नाविक ने परिजनों को फोन कर शव मिलने की खबर दी। इस पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी गणेश प्रसाद सिंह ने बताया कि पवन की जेब से नाविक को मोबाइल मिला था। बंद मोबाइल से नाविक ने सिमकार्ड निकाला। सिमकार्ड को अपने मोबाइल में लगाकर मिले नंबर पर सूचना दी। इसके आधार पर ही पवन की खोज हो सकी। उधर, इकलौते बेटे की मौत से परिजन सदमे में हैं।
एक सितंबर की 50 नंबर पवन की फाइल फोटो।
डलमऊ तट पर मिला पवन का शव
रविवार को बक्सर पुल से गंगा में लगाई थी छलांग
जेब में मिले मोबाइल के नंबर से नाविक ने परिजनों को दी खबर