फोटो संख्या एवं परिचय
12- काजल के रोते बिलखते परिजन
13- परिजनों को समझाते सीओ व एसडीएम
स्कूली बच्चों से भरा टेंपो पलटा, छात्रा की मौत
क्रासर:::
- छात्रा के भाई समेत पांच बच्चे घायल
- गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगाकर काटा हंगामा
- चार घंटे यातायात रहा बाधित
अमर उजाला ब्यूरो
थरियांव/असोथर। स्कूल के बच्चों से भरा टेंपो शुक्रवार सुबह गड्ढे में फंसने के बाद पलट गया। हादसे में एक बच्ची की दबकर मौत हो गई। उसके भाई समेत चार बच्चे घायल हो गए। ग्रामीणों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा काटा और जाम लगा दिया। सीओ, एसडीएम के पहुंचने पर असोथर-थरियांव मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।
असोथर थाना क्षेत्र के सूबेदार का पुरवा निवासी शिवभजन यादव की बेटी काजल (10) पंडित रामगोविंद सरस्वती विद्या मंदिर बहरामपुर थरियांव में कक्षा चार की छात्रा थी। इसी स्कूल में कक्षा छह में उसका भाई विक्रम छात्र है। टेंपो सुबह आठ बजे बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। उसमें गांव के बसंतलाल का बेटा सुधीर, राजकिशोर का बेटा लक्की, संतोष का बेटा कुलदीप, ननकू के बेटा मुकेश समेत दस बच्चे बैठे थे। असोथर थरियांव थाने के बार्डर मीरपुर गांव के पास गड्ढे में टेंपो का अगला पहिया धंस गया। टेंपो बेकाबू होकर बाएं साइड की ओर पलट गया। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुुंचे। चालक टेंपो छोड़कर भाग निकला। ग्रामीणों ने टेंपो को खड़ा किया। टेंपो के नीचे दबने से काजल की मौत हो चुकी थी। मुकेश का दाहिना हाथ टूटा, लक्की के सीने, सुधीर के सिर, कुलदीप के पैर में चोट आई थी। घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने रोड पर जाम लगा दिया। असोथर, थरियांव, गाजीपुर थाने का फोर्स पहुंचा। ग्रामीणों ने स्कूल प्रशासन को बुलाने की मांग की। चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया। सीओ राम प्रकाश, एसडीएम प्रेम प्रकाश ने बताया कि ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। एसडीएम ने मुआवजा का आश्वासन दिया है। स्कूल प्रशासन पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब साढ़े 11 बजे प्रशासन यातायात बहाल करा सका। काजल के पिता पीडब्लूडी विभाग में कर्मचारी हैं। उन्होंने मीरपुर के चालक हरियाना के खिलाफ लापरवाही बरत कर टेंपो चलाने की तहरीर दी है। एसओ कमलेश पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच शुरू की गई है।
------------------------