फतेहपुर। कलक्टरगंज वर्मा तिराहे पर वाहनों की भिड़ंत के बाद सरेराह पुलिस कर्मियों से मारपीट और बवाल करने के मामले में दो रिपोर्ट दर्ज हुई हैं। दो नामजद आरोपी भाजपा कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी की है।
शहर के कलक्टरगंज इलाके में दो कारें टकराई थी। मारपीट होने पर कार छोड़कर लोग फरार हो गए थे। इस दौरान यूपी 100 के बाइक पीआरवी के धर्मेंद्र कुमार जाटव, हरिश्चंद्र पहुंचे थे। एक पक्ष के हमलावरों ने पुलिस कर्मियों की पिटाई की थी।
मामले में कार मालिक पीरनपुर के शहजादे की तरफ से कार सवार के साथियों सुगंध शुक्ला, शिवम व पांच-छह अन्य के खिलाफ दुर्घटना के बाद मारपीट, बलवा किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरी रिपोर्ट कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार जाटव की ओर से सुगंध शुक्ला, शिवम और अन्य के खिलाफ दर्ज कराई गई है।
कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार, हरिश्चंद्र, होमगार्ड सुरेश सिंह यादव, राजेश कुमार पासवान का मेडिकल कराया गया है। धर्मेंद्र के आरोप पर पुलिस कर्मियों ने बलवा, मारपीट, धमकी, सरकारी कार्य में बाधा, दलित एक्ट के आरोप में मामला दर्ज किया है। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कलक्टरगंज में बवाल का मामला
अमर उजाला ब्यूरो