हुसैनगंज। बगैर हेलमेट ईयर फोन लगाकर सफर करना युवक की मौत का सबब बन गया। थाना क्षेत्र के 13 मील के पास ट्रक से कुचलकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह लखनऊ की एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड था। अपने गांव हथगाम थाना क्षेत्र के गोकुलपुर जा रहा था। सिर में चोट के साथ ही पसलियां भी कुचल गई थीं। इधर, बाइक सवार को बचाने में दो ट्रक आमने-सामने भिड़ गए, जिसमें चालक और खलासी समेत चार लोग घायल हुए।
हथगाम थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव निवासी रमाकांत मिश्रा का बेटा अनिरुद्ध उर्फ लवकुश (24) लखनऊ में एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड था। सोमवार दोपहर बाइक से ईयर फोन लगाकर अपने गांव लौट रहा था। जमरांवा हुसैनगंज के बीच 13 मील के पास बाइक सवार ने झारखंड से लोहा लादकर राजस्थान जा रहे ट्रक को
ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी बीच बांदा से डस्ट लादकर रायबरेली जा रहा ट्रक सामने आ गया। बचाने के लिए ट्रक चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाई, लेकिन बाइक सवार कुचल गया। दोनों ट्रकों में भी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार ट्रक के नीचे फंस गया था। पुलिस उसे आधा घंटे बाद निकाल पाई। मौत हो चुकी थी। दोनों
ट्रकों में फंसे बेलक गांव नविासी कमलेश्वर (26) व इसी गांव के खलासी पवन (24) और बांदा जिले के मगनिधि निवासी चालक नवल किशोर (24) और इसी गांव के खलासी राममिलन (28) को पुलिस ने बाहर निकाला। एंबुलेंस से चारों घायलों को सीएचसी हुसैनगंज में भर्ती कराया गया।
बाइक सवार लवकुश के पिता रमाकांत मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते हैं। घर में उसका छोटा भाई छंगू (10) और मां सविता देवी रहती हैं। बेटे की मौत से घर में कोहराम मचा है। थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मां की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घायल चालक और खलासियों को सीएचसी में भर्ती कराया है।
फोटो- 27- घटनास्थल पर भिड़े वाहन व मौजूद लोग। अमर उजाला
युवक की ट्रक से कुचलकर मौत
- ओवरटेक करते समय सामने से आए ट्रक से हुई दुर्घटना
- दोनों ट्रकों की भिड़ंत में चालक, खलासी समेत चार घायल
अमर उजाला ब्यूरो