फतेहपुर। जिले के दो अलग-अलग क्षेत्र में रविवार को छप्पर में आग लग गई। एक जगह छह मवेशी और दूसरी जगह छप्पर व भूसा जल गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।
बहुआ प्रतिनिधि के अनुसार गाजीपुर थाना क्षेत्र के मर्दनपुर गांव में किसान विनोद कुमार पटेल के दो घर हैं। एक घर में मवेशी व दूसरे घर में परिवार के लोग रहते हैं। रविवार दोपहर जहां मवेशी बंधे थे, वहां छप्पर में आग लग गई। जब तक शोर सुनकर लोग पहुंचते आग विकराल हो गई। बाल्टी, डिब्बा लेकर लोग आग बुझाने में जुट गए।
आग पर काबू तो पा लिया लेकिन तब तक चार बकरी, एक भैंस व एक पड़वा की जलकर मौत हो गई। विनोद का कहना है कि उनका करीब 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। दूसरी घटना में औंग प्रतिनिधि के मुताबिक बीकमपुर गांव में बच्चों ने खेलते समय किसान नरेंद्र कुमार के छप्पर में आग लगा दी। छप्पर के बगल में बने
बरामदा में रखा भूसा आग से जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने सबमर्सिबल चलाकर आग को बुझा लिया। सूचना पर पुलिस पहुंची। ग्रामीण नरेंद्र कुमार ने बताया के भूसा के जल जाने से मवेशियों के लिए चारा का संकट हो गया है।
दो जगह आग लगी, छह मवेशियों की मौत
गाजीपुर थाना क्षेत्र के मर्दनपुर व औंग के बीकमपुर गांवों में हुईं घटनाएं
अमर उजाला ब्यूरो