अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। शहर के महर्षि विद्या मंदिर स्कूल के हास्टल में छात्र को मिठाई का दूसरा टुकड़ा लेने पर वार्डन ने पीटा। आरोप है कि उसकी छात्रों से पिटाई भी कराई। परिजन छात्र से मिलने गए तो उन्हें रोक दिया गया। इससे मामले ने तूल पकड़ लिया। परिजनों ने यूपी 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद वह बेटे को घर ले गए।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के नगर निवासी कमल ओमर का बेटा आर्यन स्कूल में हाईस्कूल का छात्र है। उसके पिता कमल ओमर ने बताया कि पिटाई की सूचना पर वह बेटे से मिलने शनिवार को आए। उन्हें बेटे से मिलने से कालेज प्रशासन ने रोका। पुलिस को खबर दी। पुलिस के आने पर बेटे को बुलाया गया।
बेटे ने बताया कि करीब 15 दिन पहले उसने निर्धारित एक पीस मिठाई के बाद दूसरा पीस ले लिया था। इससे वार्डन उदित राज नाराज हो गए। उन्होंने प्रिंसिपल से शिकायत की थी। उसने प्रिंसिपल से माफी भी मांगी। इसके बाद भी लगातार उसे हॉस्टल में प्रताड़ित किया जा रहा है। साथी छात्रों ने भी वार्डन के कहने पर उसकी पिटाई की।
चौकी इंचार्ज प्रदीप यादव ने बताया कि जांच के लिए मौके पर गए। परिवार के लोगों ने वार्डन पर आरोप लगाया और पत्र दिया। वह बाद में छात्र को कुछ दिन के लिए साथ ले गए हैं। उनके आने पर कार्रवाई होगी।
उधर, महर्षि विद्या मंदिर के प्रिंसिपल एके मिश्रा का कहना है कि कहीं गलतफहमी हुई है। वह इसकी जांच अपने स्तर से करा रहे हैं। जिसका भी दोष होगा कार्रवाई की जाएगी।