अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। विवाहिता की मंगलवार को आग लगने से मौत हो गई। ससुराल वाले शव छोड़कर फरार हो गए। युवती मां-बाप की इकलौती संतान थी। मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वाले जमीन का बैनामा करने का दबाव बना रहे थे। मना करने पर बेटी को जलाकर मार डाला। पुलिस ने पति समेत तीन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना धाता क्षेत्र के गोकु लपुर गांव के बाबूलाल यादव की बेटी शोभा (21) की शादी दो साल पहले सिहारी पट्टी गांव निवासी उमेश यादव के साथ हुई थी। उमेश खेती करता है। मंगलवार को शोभा की आग लगने से मौत हो गई। इसके बाद ससुराल के लोग शव छोड़कर भाग गए। ग्रामीणों की सूचना पर मायके से पिता बाबूलाल पहुंचे। उन्होंने बताया कि शोभा उनकी इकलौती बेटी थी।
अक्सर बेटी पर ससुराल के लोग जमीन का बैनामा कराने का दबाव बनाते थे। मना करने पर उसे मारपीट कर प्रताड़ित करते थे। जमीन का बैनामा नहीं किया तो बेटी को जलाकर मार डाला और लाश छोड़कर भाग निकले। एसओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में पति उमेश यादव, ससुर निर्भय, सास बच्ची देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार सिराजुद्दीन व क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।