फतेहपुर। नगर पालिका परिषद ने सड़क पर गंदगी फैलाने के आरोप में गुरुवार को शहर के शादीपुर स्थित एक गेस्ट हाउस के खिलाफ नोटिस जारी की है।
गैस गोदाम रोड पर सपा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह के आवास के पास राज लक्ष्मी गेस्ट हाउस है। यहां पर कूड़ा निस्तारण की कोई व्यवस्था नहीं हैं। गेस्ट हाउस में होने वाले समारोहों का बचा खाना और अन्य गंदगी गेस्ट हाउस संचालक सड़क किनारे डंप करते हैं।
नगर पालिका के सफाई निरीक्षक आबिद अली ने बताया कि गेस्ट हाउस संचालक को कई बार चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन उसने कूड़ा सड़क पर डालना बंद नहीं किया है। ऐसे में गेस्ट हाउस संचालक के खिलाफ आर्थिक दंड वसूलने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके तहत गुरुवार को नोटिस जारी की गई है।