फतेहपुर। चित्रकूट बुकिंग के बहाने से चालक को बुलाकर बदमाश बोलेरो लूट ले गए। चालक को बदमाशों ने थरियांव हाईवे पर फेंका। होश आने पर गाजीपुर थाने पीड़ित पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल बहुआ बताकर मामले को टरका दिया। दूसरी ओर ललौली पुलिस ने घटना गाजीपुर क्षेत्र की बताई है।
ललौली थाने के देवगांव मूसेपुर निवासी अंसार निजी बोलेरो का चालक है। उसके मोबाइल नंबर पर फोन कर बदमाशों ने सुबह चित्रकूट बुकिंग के बहाने गाजीपुर बुलाया। गाजीपुर से चार लोग चित्रकूट जाने के लिए सवार हुए। उनके साथ चालक ने कोल्ड ड्रिंक पी।
कुछ देर बाद ही चालक बेहोश हो गया। बोलेरो सवारों ने चालक को थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा चौकी क्षेत्र के पास फेंक दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने चालक के पास मिले कागजातों से घरवालों को सूचना दी। भाई इस्तिखार मौके पर पहुंचा। इलाज के बाद अंसार को लेकर गाजीपुर थाने पहुंचा।
पुलिस ने मौके की छानबीन की। गाजीपुर एसओ धीरेंद्र सिंह ने बताया कि कोल्ड ड्रिंक चालक को बहुआ कस्बे में पिलाई गई है। उधर, ललौली एसओ श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि बुकिंग के लिए चालक को गाजीपुर बुलाया गया था, जिसके बाद घटना हुई है।
नशीला कोल्डड्रिंक पिला लूट ले गए बोलेरो
चालक को हसवा के पास हाईवे किनारे फेंका
अमर उजाला ब्यूरो