फतेहपुर। मलवां थानाक्षेत्र के कुरुस्तीकला स्टेशन के पास रेलवे लाइन पार करते समय किसान की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के वक्त किसान गेहूं की कतराई करने अपने खेत की तरफ जा रहा था।
सदर कोतवाली क्षेत्र के भैरमपुर गांव निवासी रघुवीर पाल (30) गुरुवार रात करीब आठ बजे घर से कुरुस्तीकला गांव के पास स्थित खेत में गेहूं की फसल काटने जा रहा था। रास्ते में रेलवे लाइन पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे की खबर से पत्नी काजल देवी बदहवास हो गई। किसान के परिवार में दो बेटे हैं।