बरामद बाइकों के साथ पुलिस हिरासत में बाइक चोर। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। जहानाबाद थाना पुलिस ने चोरी की चार बाइकों के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर एक मैकेनिक की दुकान से चोरी की बाइकों के पार्ट्स भी पुलिस ने बरामद किए हैं। मैकेनिक की दुकान से चोरी की बाइकों की खरीद फरोख्त होती थी। इसी दुकान पर चोरी की बाइकों का रंग रोगन व ठीक करने का काम भी होता था। पुलिस ने आरोपियों को शुक्रवार को दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया। वहां से न्यायिक हिरासत में सभी को जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि दरोगा रीतेश राय और आदित्य नरायन की संयुक्त टीम ने अमौली रोड स्थित उपकेंद्र के पास खड़े चार युवकों को शक के आधार पर शुक्रवार की सुबह पकड़ा। उनके पास से दो बाइकें मिलीं। छानबीन में बाइकें चोरी होने का पता चला। इसके बाद पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, तो सभी ने बाइकें चोरी की होने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक मैकेनिक की दुकान से चोरी की और दो बाइकें, बाइकों के खुले पार्ट्स बरामद किए। पुलिस ने पकड़े गए जाफरपुर सिठर्रा निवासी पार्थ उत्तम, अर्पित उत्तम, नोनारा निवासी ऋशांत उत्तम, कलाना निवासी अंशू के खिलाफ वाहन चोरी और चोरी के वाहन बरामद किए जाने का मामला दर्ज किया है। चारों आरोपी पहली बार पकड़े गए हैं।
आरोपियों ने कबूल किया कि वह लोग अपने शौक पूरे करने के लिए बाइक चोरी करते थे। आरोपी अंशू की कलाना में ही बाइक मरम्मत करने की दुकान है। उसके तीनों साथी बाइक चोरी करते थे। वह मरम्मत के दौरान पार्ट्स बदलकर बाइकों की पहचान मिटाता था। दुकान में पुरानी बाइक खरीदने लोग आते हैं। उन्हें बिना किसी कागजात के 10 से 15 हजार में बाइक बेच देता था।