बिंदकी। जाफरगंज से बिंदकी आ रहे किराना कारोबारी से बाइक सवार बदमाशों ने छह लाख रुपये और मोबाइल लूट लिया। घटना की सूचना पर सीअओ बिंदकी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और नाकेबंदी कराई। कई घंटे तक वाहनों की चेकिंग हुई लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जाफरगंज कस्बा निवासी जयनारायण गुप्ता का किराने का थोक और फुटकर कारोबार है। कारोबार जयनारायण और उनका बेटा विपिन गुप्ता संभालते हैं। विपिन मंगलवार को बिंदकी बाजार बाइक से आ रहा था। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के कुसारा मोड़ पर तीन युवक कुछ-कुछ दूरी पर खड़े थे। बारी-बारी से युवकों ने विपिन को हाथ देकर रोकने का प्रयास किया। विपिन के न रुकने पर तीसरे युवक ने विपिन की बाइक में डंडा मार दिया।
अनियंत्रित होकर बाइक समेत वह रोड पर गिर गया। इसे बाद तीनों बदमाशों ने विपिन को धमकी देकर बैग लूट लिया। बाइक की चाभी और मोबाइल भी छीन लिया, फिर एक बाइक पर सवार होकर तीनों बदमाश मंडराव की ओर भाग निकले।
विपिन ने परिचित के मोबाइल से पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सीओ योगेंद्र मलिक, कोतवाल रविंद्र श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। एसपी राजेश कुमार सिंह ने भी घटनास्थल पर जांच की और पीड़ित से जानकारी ली। विपिन ने बताया कि उसे इन रुपयों से बिंदकी में खरीदारी करनी थी। सारी रकम बदमाश लूट ले गए। पुलिस ने विपिन के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया है। सीओ ने बताया अज्ञात बदमाशों का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।