मृतक के रोते बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
हुसैनगंज। खंती में गिरने से बाइक सवार एक युवक की गुरुवार दोपहर मौत हो गई। बाइक सवार साथी हादसे के बाद मौके से भाग निकला। हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
उधन्नापुर गांव निवासी दीपू (18) अपने एक दोस्त के साथ मोहम्मदीपुर गांव की ओर जा रहा था। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बेरागढ़ीवा के मोहम्मदीपुर मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक सवार दीपू खंती में गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे। तभी बाइक चालक को ग्रामीणों ने साथी को छोड़कर जाते देखा। ग्रामीणों ने दीपू को सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को हादसे की खबर दी। पिता सूरजपाल, बहन दिव्यांशी और मां संपतिया सीएचसी पहुंचीं। उनका रो-रोकर हाल बेहाल दिखा। पिता ने बताया कि दीपू के साथ बाइक चालक साथी कौन था और कहां जा रहे थे, इसकी जानकारी नहीं है। थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।