चौडगरा। कल्यानपुर थानांतर्गत चौडगरा में टप्पेबाजों ने बुधवार दोपहर महिला के जेवर और सेल्समैन से टप्पेबाजी कर दी। महिला के जेवर और सेल्समैन से 80 हजार रुपये टप्पेबाजों ने उड़ा दिए।
औंग थाने के पहुर गांव निवासी गुड़िया देवी (50) रामादेवी कानपुर में किराये पर रहती हैं। पति कानपुर में सब्जी का व्यापार करता है। गुड़िया ने बताया कि रिश्तेदार की शादी में कुंवरपुर गांव जाना था। चौडगरा में मैजिक से उतरने के बाद पैदल गांव जा रही थी। ओवरब्रिज पर साठ साल का वृद्घ मिला। उसने पहुर गांव में रामभरोसे का पता पूछा। इसके बाद बातचीत करने लगा। कहा कि उसके परिवार पर समस्या आने वाली है। पुल की सर्विस रोड पर पेड़ के नीचे वृद्घ के दो और साथी युवक मौजूद थे। उन लोगों ने तंत्र-मंत्र का झांसा दिया। नगदी और जेवर की पूजा करने की बात कही। 15 सौ रुपये नगदी, सोन की जंजीर, टाप्स, अंगूठी, मंगलसूत्र पर्स में भराकर ले लिया। उसके बाद कुछ दूर स्थित पेड़ के पैर छूकर आने को कहा। वह पेड़ के पास से लौटी तो तीनों गायब हो चुके थे।
दूसरी घटना बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के बागबादशाही निवासी धर्मेंद्र सक्सेना के साथ हुई। वह सिगरेट कंपनी के सेल्समैन हैं। सप्लाई और वसूली कर कस्बे के पास एक किराने की दुकान के बाहर खड़ा था। तभी उसकी शर्ट पर चटनी फेंकी गई। 80 हजार रुपये नगदी और मोबाइल भरा बैग पास में रखकर पेट्रोल पंप पर चटनी साफ करने लगा। तभी उसका बैग लेकर टप्पेबाज भाग निकले। पेट्रोल पंप के कैमरे में एक बाइक पर सवार तीन लोग घटना करते कैद हुए हैं। प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह राजपूत ने बताया कि मामलों की जांच की जाएगी।
चौडगरा कस्बे में लगातार टप्पेबाजी हो रही है। दो दिन पहले गन्ने की दुकान पर एक युवक पर चटनी फेंककर नगदी भरा बैग लेकर टप्पेबाज भाग निकले थे। इससे पहले गुगौली के पास महिला के जेवरात लेकर शातिर भाग निकले थे। लगातार घटनाओं के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।