सोफियान खान की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
चौडगरा। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के ममरेजपुर गांव के पास रविवार रात साइकिल सवार किशोर को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में किशोर की मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। परिजनों और ग्रामीणों ने चालक को पकड़ने की मांग को लेकर पुलिस को शव उठाने से रोकते हुए हंगामा किया। पुलिस ने समझाकर भीड़ को शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के गांव रारी बुजुर्ग निवासी रिजवान खां का बेटा सूफियान (14) कल्यानपुर थाना क्षेत्र के हसनापुर निवासी मौसी रुकइया के पास रहता था। वह हरबंस सिंह इंटर कालेज रेवाड़ी में कक्षा छह का छात्र था। वह मां से मिलने गांव गया था। रविवार रात मौसी के घर लौट रहा था। ममरेजपुर गांव में एक पालेसर मशीन लेकर जा रहे ट्रैक्टर ने किशोर को टक्कर मार दी। हादसे में किशोर की मौत हो गई। मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। चालक को पकड़ने की मांग को लेकर पुलिस को शव उठाने से ग्रामीणों ने रोक दिया। पुलिस ने कुछ दूरी पर ट्रैक्टर को लावारिस हालत में खड़ा पाया। चालक की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लिया।
मृतक तीन भाइयों अर्सलान (10) और अरहान (5) में सबसे बड़ा था। एक बड़ी बहन असरा (14) है। मां सुरैया बेगम और मौसी बदहवास दिखीं। प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह राजपूत ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है। मृतक के मामा रारी बुजुर्ग निवासी सगीर खां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। चालक की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है ।