बकेवर। चौडगरा-भोगनीपुर हाईवे पर ट्रक से 24 क्विंटल गांजा बरामदगी में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) को मथुरा के तस्करों की तलाश है। टीम की पूछताछ में ट्रक चालक ने मथुरा के कई तस्करों के नाम कबूले हैं।
शाहजहांपुर गांव के पास पेट्रोल पंप से नारकोटिक्स सेंट्रल ब्यूरो लखनऊ और बकेवर पुलिस ने एक गांजा लदा ट्रक पकड़ा था। ट्रक से 24 क्विंटल गांजा बरामद हुआ था। टीमों ने ट्रक चालक पंचानंद प्रधान जिला अंगुल प्रांत उड़ीसा को गिरफ्तार किया था। उसने पुलिस की पूछताछ में बताया था कि गांजा उड़ीसा के संभलपुर जिले से लोड किया था। गांजे को मथुरा के एक तस्कर के ठिकाने पर उतारना था। ट्रक में एल्युमूनियम की चादरों को राजस्थान के भीलवाड़ा में उतारना था। चालक के बयान के आधार पर एनसीबी के सीओ वीर सिंह बुंदेला टीम के साथ मथुरा तस्कर की तलाश में रवाना हुए हैं। मामले की विवेचना एनसीबी करेगी। एनसीबी की प्रयोगशाला में गांजा हाईब्रिड क्वालिटी का निकला है। इसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 24 करोड़ रुपये आंकी गई है। बकेवर पुलिस ने ट्रक चालक को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है। सीओ वीर सिंह बुंदेला ने बताया कि कुछ तस्करों के नाम सामने आए हैं। विवेचना में आरोपी प्रकाश में लाए जाएंगे। उनकी तलाश की जा रही है।