हुसैनगंज। दुकान से घर लौट रहे बाइक सवार दुकानदार को सोमवार रात किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। हादसे से परिजन बेहाल हो गए। हेलमेट न पहनने के कारण सिर में चोट से उसकी मौत हो गई।
मिर्जापुर भिटारी गांव निवासी उमेश सविता उर्फ अन्नू (30) हुसैनगंज के पीसीपी इंटर कालेज के सामने चश्मे की दुकान चलाता था। वह सोमवार की रात दुकान बंद करने के बाद बाइक से घर जा रहा था। डलमऊ रोड पर कैथपुरवा गांव के पास किसी वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसा देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उमेश हेलमेट नहीं पहने था। उसके सिर और शरीर पर चोट आई है। मृतक के दो बेटे रुद्र और देवांश है। उसका एक बड़ा भाई दिनेश है। हादसे से पत्नी अनुराधा, मां विमला देवी और पिता देशराज बदहवास हो गई। थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर वाहन की तलाश की जा रही है।