फतेहपुर। दहेज में चार पहिया गाड़ी की मांग पूूरी न होने पर पत्नी को मोबाइल पर तीन बार तलाक का मैसेज भेज दिया। पति ने मैसेज भेजने के एक दिन पहले भी पंचायत के दौरान तीन बार तलाक बोला था। पुलिस ने पति समेत चार ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र खलील नगर निवासी इंतेसार अली की बेटी शुमैला का निकाह 24 फरवरी 2018 को इमाद कासिम निवासी मुरादी रोड चौधरी डेयरी थाना जामिया नगर नई दिल्ली के साथ हुआ था। शादी के बाद विदाई के समय पति इमाद कासिम, ससुर मोहम्मद कासिम, सास सबीहा कासिम, ममेरे ससुर असद रईस दहेज में चार पहिया वाहन और दो लाख रुपये नकदी की मांग करने लगे। निकाह में मौजूद रिश्तेदार इफ्तेखार, अहमद वजीउद्दीन ने समझाबुझा कर दोनों पक्षों में समझौता कराया।
समझौते के बाद भी ससुरालीजनों महिला को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। इस दौरान उसे एक बच्ची भी हुई। कुछ दिनों बाद ससुराल वालों ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया। जुलाई 2020 में पंचायत हुई और मायके वालों ने दो लाख रुपये पिता ने दिए। गाड़ी देने के लिए एक साल का समय मांगा। ससुरालीजन उसे विदा करा ले गए। नौ फरवरी 2022 को बच्ची समेत घर से निकाल दिया। वह मायके आ गई।
यहां 19 फरवरी को पंचायत रखी गई। पिता ने चार पहिया वाहन देने में असमर्थता जताई। तभी गुस्से में पति इमाद कासिम ने तीन बार तलाक बोल दिया। जिसके बाद 20 फरवरी को पति ने उसके मोबाइल पर रात नौ बजकर पांच मिनट पर तीन बार तलाक लिखकर मैसेज किया। कोतवाली पुलिस ने पति इमाद कासिम, ससुर मोहम्मद कासिम, सास सबीहा कासिम, ममेरे ससुर असद रईस दहेज प्रताड़ना और तीन तलाक का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।