निचली रामगंगा नहर में डूबी कार। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। इंद्रो गांव के पास रविवार शाम तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर निचली गंग नहर में जा गिरी। डूबने से कार में सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों दोस्त की बरात में जा रहे थे। पुलिस ने शव निकलवाकर मार्च्युरी में रखवा दिए हैं।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के बामन गांव निवासी पंकज यादव (24) रविवार शाम को अपनी कार से दोस्त की बरात में खेसहन गांव जा रहा था। कार में उसके साथ दोस्त राहुल पाल ( 25) भी था। शाखा नहर मार्ग पर इंद्रो गांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर निचली गंगा नहर में जा गिरी। हादसा होते देख ग्रामीणों मौके पर पहुंचे लेकिन नहर गहरी होने से मदद की हिम्मत नहीं जुटा पाए।
सूचना पर थानाध्यक्ष संगमलाल प्रजापति मौके पर पहुंचे और जेसीबी से कार को बाहर निकलवाया। हादसे में कार सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को मार्च्युरी में रखवा दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।
हादसे में जान गवांने वाले पंकज के बड़े भाई अनिल यादव रविवार दोपहर ही बरात लौटी थी। अविवाहित पंकज पुणे में प्राइवेट नौकरी करता था, कार उसकी की थी। हादसे से पिता रामदयाल, मां विमला देवी, बड़े भाई मनोज, संदीप और अनिल बदहवास दिखे। राहुल पाल महाराष्ट्र में प्राइवेट नौकरी करता था। अविवाहित राहुल के पिता और मां की कई साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार में बड़ा भाई बु्द्धराज है।
निचली रामगंगा नहर में डूबी कार का नंबर। संवाद- फोटो : FATEHPUR