फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र एक गांव की 22 साल की युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन शव का अंतिम संस्कार करने जा रहे थे। सूचना पर पुलिस पहुंची। कई घंटे समझाने बुझाने के बाद पुलिस शव को कब्जे में ले सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया है।
एक गांव की युवती का गांव के युवक से प्रेम प्रसंग था। मामले में दोनों पक्षों के बीच शादी की सहमति हो गई थी। दस माह पहले युवक ने शादी से इंकार किया था। युवती के पिता ने मामले में आरोपी युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसके बाद युवती थाना क्षेत्र के दूसरे गांव में रहने वाले रिश्तेदार के घर में रहने लगी थी। युवती की शनिवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन शव लेकर गांव चले गए। जहां सुपुर्द ए खाक करने की तैयारी में जुटे थे। किसी ने 112 नंबर में संदिग्ध हालात में मौत होने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे बाद पुलिस शव को कब्जे में ले सकी। आरोपी करीब तीन माह पहले जमानत पर छूटा था। थानेदार अनूप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। परिजन बीमारी से मौत होना बता रहे हैं।