किशनपुर (फतेहपुर)। बांदा और फतेहपुर जिले की सीमा विवाद में एक युवक का शव करीब आठ घंटे तक रेत में पड़ा रहा। यमुना नदी के पास रहने वाले ग्रामीणों ने बांदा पुलिस को सूचना दी थी। वह नहीं आई। उसने किशनपुर थाने का मामला बताया लेकिन सूचना के बाद वह भी नहीं पहुंची। शाम करीब छह बजे बांदा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
दादों घाट पीपा पुल वाले रास्ते में करीब 35 साल के एक युवक का रेत में पड़ा शव बुधवार सुबह नौ बजे ग्रामीणों ने देखा। ग्रामीणों ने बांदा जिले के कमासिन थाने की दादों चौकी में सूचना दी। इधर, किशनपुर थाने में भी शव की सूचना राहगीरों ने दी। युवक के शरीर पर केवल पैंट था। शव यमुना के पानी के बाहर रेत में पड़ा था। दोनों जिलों की पुलिस सीमा विवाद में फंस गई। राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पूरा दिन बीतने के बाद भी किसी भी क्षेत्र की पुलिस ने शव को निकालने की कोशिश नहीं की। बांदा के दादों घाट चौकी पुलिस ने अपनी सीमा यमुना में करीब पांच सौ मीटर तक होने की बात कही। शव पांच सौ मीटर के आगे होने की सूचना होना बताकर टरकाती रही। यमुना के पानी का बहाव होने से पहुंचना मुश्किल बताया। किशनपुर एसओ आरके यादव ने बताया मौके पर पुलिस को भेजा गया। युवक का शव सीमा पार बांदा के दांदो चौकी क्षेत्र में है। मामले की सूचना कमासिन एसओ विनोद कुमार सिंह को दी गई है। कमासिन एसओ शाम करीब पांच बजे मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कराई।
==================