फतेहपुर। हाईवे पर मौरंग लदे ओवरलोड ट्रकों से पुलिस की वसूली का सिलसिला नहीं रुक रहा है। बिंदकी कोतवाली के दो सिपाहियों का ट्रकों से वसूली करने का वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ। इसके बाद दोनों को एसपी ने निलंबित किया है।
करीब तीन माह पहले भी इसी कोतवाली के दो पुलिसकर्मियों पर वसूली को लेकर कार्रवाई की जा चुकी है। बिंदकी कोतवाली में तैनात सिपाही आशुतोष कुमार और बृजेश कुमार सोमवार रात को ड्यूटी पर रवाना हुए थे। यह दोनों बिंदकी के ही ललौली चौराहे पर बांदा, मध्य प्रदेश और जिले की मौरंग खदानों से ओवरलोड ट्रकों को चौराहे पर रुकवा रहे थे।
चालकों को वसूली के बाद चौराहे से निकलने दे रहे थे। यह नजारा किसी ने कैमरे में कैद कर लिया और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले का संज्ञान लेकर एसपी सतपाल अंतिल ने दोनों सिपाहियों को वसूली के आरोप में निलंबित किया है।