शाह(फतेहपुर)। सदर कोतवाली क्षेत्र के ढकौली गांव में शुक्रवार सुबह राशन वितरण के दौरान कोटेदार और कार्डधारकों में जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्ष से चार-चार कुल आठ लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया। कार्डधारकों का आरोप है कि कोटेदार तय मानक से कम राशन दे रहा था, विरोध करने पर मारपीट की।
ढकौली गांव में कोटेदार मेवालाल साहू शुक्रवार को सुबह कार्डधारकों को राशन वितरित कर रहे थे। कार्डधारकों का आरोप है कि कोटेदार तय मानक से कम राशन दे रहा था लेकिन कार्ड में पूरा चढ़ा रहा था। कुछ कार्डधारकों ने इसका विरोध किया तो कोटेदार पक्ष से विवाद फिर मारपीट होने लगी। देखते ही देखते दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे। कोटेदार पक्ष से कोटेदार मेवालाल, अंकित कुमार, अमर कुमार, अशर्फी लाल और कार्डधारकों के पक्ष से नितिन कुमार, शिवकरन, पंकज, रोहित घायल हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस दोनों पक्षों से आठ लोगों को उठा लाई। पुलिस ने दोनों पक्षों से रिपोर्ट दर्ज कर सभी का मेडिकल कराया। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पक्षों से रिपोर्ट दर्ज कर घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच भी कराई जा रही है। कोटेदार मेवालाल का कहना है कि कुछ लोगों के कार्ड पहले से जमा थे, वह कार्ड हटाकर अपने कार्ड पहले लगवाना चाह रहे थे। इसी को लेकर विरोध व मारपीट हुई है।
जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह का कहना है कि ज्यादातर कार्डधारक मुफ्त में राशन लेना चाहते हैं। इसीलिए कोटेदारों से विवाद कर रहे हैं। अगर वास्तव में कोटेदार कम राशन दे रहा था तो शिकायत करनी चाहिए थी। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।