थरियांव थाने में ट्रैक्टर ट्राली में कुर्क दुकान का सामान।
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। सराफ की हत्या और लूट में फरार शातिर राजन लोधी ने बुधवार दोपहर पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वहीं, पुलिस ने आनन-फानन आरोपी की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई कर दी। पुलिस की कार्रवाई पर सवाल भी उठ रहे हैं।
थरियांव थाने के मलांव निवासी सराफ जीतपाल मौर्या की 20 सितंबर 2020 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बदमाश करीब चार लाख कीमत के जेवरात लूटकर भाग गए थे। पुलिस ने थरियांव के आरोपी सुनील को गिरफ्तार किया था। उसके कबूलनामे पर पुलिस ने राजन लोधी निवासी नौबस्ता, शहर के सनगांव निवासी निवर्तमान प्रधान पुत्र मो. मोईन और अकबर निवासी खखरेरू को नामजद किया था। दूसरे आरोपी अकबर ने कोर्ट में सरेंडर किया था। निवर्तमान प्रधान पुत्र मो. मोईन और राजन लोधी की पुलिस ने कोर्ट से कुर्की कार्रवाई मांगी थी। पुलिस की हीलाहवाली के चलते मो. मोईन हाईकोर्ट पहुंच गया और उसे अंतरिम जमानत मिल गई। वहीं, राजन लोधी फरार चल रहा था। पुलिस को एक हफ्ते पहले राजन की कुर्की कार्रवाई का कोर्ट से आदेेश मिला था।
कुर्की की भनक लगते ही राजन लोधी ने कोर्ट में सरेंडर के लिए आवेदन कर दिया। इसकी जानकारी पर पुलिस उसे पकड़ने के लिए कोर्ट परिसर के आसपास मौजूद रही। बुधवार दोपहर राजन लोधी पुलिस को चकमा देकर कोर्ट परिसर पहुंचा। कुछ वकीलों के साथ कोर्ट के समक्ष उसने सरेंडर कर दिया। पुलिस को इसकी जानकारी हुई तो होश उड़ गए। थरियांव थाना प्रभारी उपेंद्र नाथ राय और राजस्व टीम नौबस्ता पहुंची। राजन लोधी के फर्नीचर दुकान में मौजूद संपत्ति को कुर्क किया। पुलिस तीन ट्राली सामान थाने ले आई। करीब 10 लाख कीमत का सामान कुर्की में जब्त हुआ है। राजन लोधी के खिलाफ गैंगस्टर, चोरी, लूट, हत्या के प्रयास और हत्या के मामले कई थानों में दर्ज हैं। सराफ की हत्या के बाद दुकान भी उसकी बंद चल रही थी। पुलिस घर से महिलाओं को लेकर ताला खुलवाने पहुंची थी। इस दौरान राजन के वकीलों ने पुलिस से संपर्क किया। थाना प्रभारी को राजन लोधी के सरेंडर करने की सूचना देकर कुर्की कार्रवाई रोकने की बात कही। थाना प्रभारी उपेंद्र नाथ राय ने बताया कि आरोपी के सरेंडर किए जाने की सूचना मिली है। पुलिस सुबह नौ बजे ही कुर्की की कार्रवाई को पहुंच गई थी।