बिंदकी। एक ही मोहल्ले के तीन घरों का ताला तोड़कर चोरों ने नगदी, जेवर सहित करीब चार लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। सोमवार की सुबह जब लोगों की नजर घर के खुले दरवाजे पर गई तो उन्होंने घर के मालिकों को इसकी जानकारी दी। पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई।
ललौली रोड स्टेट बैंक के सामने वाली गली में सतीश सोनकर निवासी महरहा थाना कल्यानपुर का मकान है। उनके मकान में विवेक कुमार शुक्ला निवासी शकूराबाद बकेवर किरायेदार हैं। विवेक शुक्ला एलआईसी अभिकर्ता हैं। वह शनिवार को पत्नी व बच्चों के साथ शकूराबाद गए थे। रविवार रात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब एक लाख 30 हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के जेवर व अन्य सामान पार कर दिया।
चोर यहां से करीब दो लाख रुपये का माल ले गए। सुबह पड़ोसी से विवेक को चोरी की जानकारी मिली तो उन्होंने मकान मालिक सतीश सोनकर को बताया। बगल के श्याम सिंह के मकान में शिक्षिका कल्पना किराए में रहती हैं। रक्षाबंधन में वह भी अपने घर गई थीं। चोरों ने उनके कमरे का भी ताला तोड़कर चोरी कर ली। सूचना के बाद शाम तक कल्पना बिंदकी नहीं आ सकी थीं। बगल में धर्मराज सिंह मंडराव का मकान है।
चोरों ने बंद पड़े इस मकान का ताला तोड़कर चांदी के कुछ जेवर पार कर दिए। धर्मराज परिवार के साथ कानपुर गए थे। विवेक और धर्मराज ने घटना की जानकारी कोतवाली में दी। तीनों के मकानों से करीब चार लाख रुपये का माल चोर ले गए हैं। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि चोरी की घटना की जांच कराई जा रही है।