कान्हा गौशाला का निरीक्षण करतीं डीएम श्रुति। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। नगर पालिका के कान्हा गोशाला में गोवंशों को हरा चारा की उपलब्धता न पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई। गोशाला संचालक को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं, ईओ को सरकारी जमीन खाली कराने का निर्देश दिया।
नगर पालिका की मलाका स्थित कान्हा गोशाला का मसवानी की वाशु गो-सेवा संस्थान संचालन कर रही है। डीएम श्रुति ने शनिवार को गोशाला का निरीक्षण किया। यहां गोवंशों के लिए हरे चारा की उपलब्धता नहीं मिली। इस पर डीएम ने संस्थान संचालक सागर से स्पष्टीकरण मांगा है।
ईओ समीर कुमार कश्यप को निर्देश दिया कि नगर पालिका की अतिक्रमण जमीन को अभियान चलाकर खाली कराया जाए। खाली कराने के बाद जमीन को गोशाला संचालक के सुपुर्द किया जाए, ताकि पर्याप्त क्षेत्रफल में हरे चारा की बुआई कराई जा सके। डीएम ने कहा कि गोवंशों के पीने के लिए स्वच्छ पानी की व्यवस्था कराई जाए। झगड़ालू व बड़े गोवंशों से छोटे गोवंशों को अलग रखा जाए।