फतेहपुर। जिले में तेजी के साथ कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। शुक्रवार को कोरोना से 19 संक्रमित और मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप है। एक्टिव केस बढ़कर अब 89 हो गए हैं।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने 936 लोगों की जांच कराई, जिसमें 19 के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमेें विजयीपुर ब्लाक के खखरेरू में एक, इसी ब्लाक के एकौरा गांव में एक, इसी ब्लाक के जमकोइया गांव में एक, खेमकरन गांव में एक, बरौलिया गांव में, धर्मगंदपुर में एक, ऐरायांव ब्लाक के नई बाजार खागा में दो, बहुआ ब्लाक के फुलवामऊ चुरियानी में एक, भिटौरा ब्लाक के साहबगंज में एक, कोढइया शाहपुर गांव में एक, देवमई ब्लाक के तिलवालपुर में एक, विजौली गांव में एक, शहर के बड़ा शिवाला मसवानी में एक, हसवा ब्लाक के गेंडुरी गांव में तीन, हथगाम के टिकरी में एक, बड़ी बाजार खजुहा में एक के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
नगर पालिका पर कोरोना को बढ़ावा देने का आरोप
चंदियाना वार्ड के सभासद गोपाल रस्तोगी ने नगर पालिका पर कोरोना संक्रमण को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। सभासद ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि उनके वार्ड में एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित है। उसे स्वास्थ्य विभाग ने कोई भी उपचार प्रदान नहीं किया है। नगर पालिका ने यहां पर न तो दवा का छिड़काव किया है और नहीं बैरीकेडिंग कराई है। ऐसे में संक्रमण और बढ़ सकता है।