फोटो-03-शहर के चौक बाजार स्थित बर्तन की दुकान। संवाद
- फोटो : jammu kashmir news
फतेहपुर। सहालग आते ही तांबा, पीतल और स्टील के बर्तनों पर रौनक दिखाई देने लगी है। सोना-चांदी के बाद अब तांबा, पीतल, एल्युमिनियम और स्टील के दाम बढ़ने से शादी-विवाह का बजट भी बढ़ गया है।
शादी-विवाह में परंपरागत रूप से पीतल और तांबे के बर्तन खरीदे जाते हैं। गिफ्ट में बर्तन सेट देने की भी परंपरा है। कीमतों में तेजी के चलते अब लोग भारी और बड़े सेट की जगह हल्के और सीमित बर्तन ही ले रहे हैं।
बर्तन कारोबारी नवीन कसौधन के अनुसार कच्चे माल की कीमतों में अचानक तेजी आई है। एक माह पहले पीतल 800 रुपये प्रति किलो था जो अब बढ़कर 1000 रुपये प्रति किलो हो गया है। व्यापारी जयराम कुमार ने बताया कि स्टील के दाम 300 रुपये से बढ़कर 350 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।
रामेश्वर गुप्ता ने बताया कि एल्युमिनियम 300 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 400 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। बर्तन कारोबारी गणेश प्रसाद के अनुसार तांबा 1200 रुपये से बढ़कर 1500 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। इससे पारंपरिक बर्तनों पर सीधा असर पड़ा है। व्यापारियों ने बताया कि स्टील की टंकी के दाम बढ़कर 250 रुपये प्रति किलो हो गए हैं।
नगर में बर्तन खरीदने आए मुकेश तिवारी ने बताया कि फरवरी में घर में शादी है। आभूषण पहले ही महंगे थे अब बर्तन भी महंगे हो गए हैं। इससे बजट बिगड़ गया है। प्रमोद पांडेय का कहना है कि जो बर्तन सेट पहले 10-12 हजार रुपये में मिल जाते थे वह अब 18-20 हजार में मिल रहे हैं।
गृहिणी सीमा गुप्ता ने बताया कि गिफ्ट के लिए अब भारी बर्तनों की जगह छोटे और हल्के सेट लिए जा रहे हैं। सुरेश कुमार का कहना है कि सहालग में खुलकर खरीदारी होती थी अब हर चीज सोच-समझकर लेनी पड़ रही है।
फोटो-03-शहर के चौक बाजार स्थित बर्तन की दुकान। संवाद- फोटो : jammu kashmir news