फतेहपुर। पुलिस लाइन में तैनात सिपाही महेंद्र पाल (32) ने शुक्रवार सुबह नौ बजे अपनी इंसास राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। एसपी, एएसपी ने मौके पर जांच की। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने ऑनलाइन गेम में रकम हारने से तनाव में आकर आत्मघाती कदम उठाने की बात कही है, जबकि मृतक के बड़े भाई ने एक पुलिस अधिकारी पर निलंबन की धमकी देकर पैसे मांगने का आरोप लगाया है।
प्रयागराज सोरांव थाना के बड़ी धारू का पुरवा निवासी महेंद्र पाल पुत्र राजेंद्र पाल सादीपुर मोहल्ले में राजू के घर में किराये पर पत्नी अंतिमा व पुत्री अनाया के साथ रहता था। पांच दिन पहले त्योहार पर पत्नी बच्ची को लेकर मायके चली गई थी। इन दिनों महेंद्र की तैनाती पुलिस लाइन में थी। गुरुवार रात एसपी के कैंप कार्यालय में ड्यूटी लगी थी।
वह ड्यूटी से शुक्रवार सुबह कमरे पहुंचा। कमरे में जाने से पहले उसने सिगरेट और गुटखा खरीदा था। सुबह करीब नौ बजे कमरे से गोली चलने की आवाज आई। मकान मालिक और अन्य लोग कमरे पर पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची। बेड पर महेंद्र का शव पड़ा था। गोली सिर पर लगी थी। राइफल जांघ की आड़ से जमीन पर टिकी थी। फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच की।
एसपी धवल जायसवाल, एएसपी विजय शंकर मिश्रा व भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस की जांच में सामने आया कि सिपाही ऑनलाइन गेम में काफी रुपये हार चुका था। उसने अपने एक मित्र से भी 20 हजार रुपये लिए थे। जिसे वह हार गया था। रुपये हारने के तनाव में उसने आत्महत्या की है।
उधर, रेलवे में टेक्नीशियन के पद पर फर्रुखाबाद में तैनात भाई राजेंद्र पाल ने पोस्टमार्टम हाउस में बताया कि भाई का गुरुवार रात दो बजे फोन आया था। कई काॅल के बाद फोन न उठने पर उसने पत्नी साधना के नंबर पर मिलाया। पत्नी ने फोन से महेंद्र से बातचीत कराई। महेंद्र ने बोला था कि उसे एक पुलिस अधिकारी ने नशे में ड्यूटी करते पकड़ लिया है। एसपी को रिपोर्ट देकर निलंबित कराने की धमकी दी है। शिकायत न करने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की है।
उसने 20 हजार रुपये महेंद्र को ऑनलाइन भेजे थे। इसके बाद महेंद्र ने बाकी 30 हजार रुपये चचेरे भाई फूलचंद्र से मांगे थे। उसने देने से इंकार कर दिया था। बाकी रुपये किसी साथी से मांगे होंगे। भाई ने बताया कि ऑनलाइन गेमिंग के बारे में उसे जानकारी नहीं है। कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि ऑनलाइन गेमिंग में सिपाही के रुपये लगाने का पता लगा है। मोबाइल की जांच कर जानकारी जुटाई जा रही है।
एएसपी विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि सिपाही के आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। मोबाइल सीडीआर की जांच कराई है। ऑनलाइन गेम खेलने की बात सामने आई है। परिजनों से पूछताछ की जाएगी।