फोटो-38-कचहरी परिसर में प्रेस वार्ता करते पूर्व विधायक आदित्य पांडे। संवाद
जयरामनगर। कचहरी स्थित मीडिया सेंटर में मंगलवार को जहानाबाद के पूर्व विधायक आदित्य पांडे ने प्रेस वार्ता कर बिजली विभाग और वर्तमान विधायक पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दर्ज बिजली चोरी की प्राथमिकी को पूरी तरह फर्जी बताते हुए कहा कि उनकी राजनीतिक छवि खराब कर 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है।
उन्होंने कहा कि उनके घर और खेत में लगे नलकूप में बिजली कनेक्शन है और बिल का भुगतान किया जाता है। प्राथमिकी दर्ज की शिकायत उन्होंने ऊर्जा मंत्री समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से की है। उनके खेत में लगे नलकूप के पास बिजली विभाग के अधिकारियों ने एक अलग लाइन खींचकर वीडियो बनाया और उसके आधार पर बिजली चोरी की प्राथमिकी दर्ज करा दी गई। यह पूरी कार्रवाई जानबूझ कर फंसाने के लिए की गई है।
उन्होंने बिना किसी का नाम लिए एक वर्तमान विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी बढ़ती राजनीतिक सक्रियता और आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूत दावेदारी को देखते हुए उन्हें परेशान किया जा रहा है। कहा पहले भी उनके खिलाफ कई झूठे मामले दर्ज कराए जा चुके हैं। निष्पक्ष जांच कराई जाए तो बिजली विभाग के कुछ अधिकारी फंस सकते हैं।