फोटो-18-जीआरपी थाने का निरीक्षण करते एसपी प्रशांत वर्मा। संवाद
फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज मंडल प्रशांत वर्मा ने मंगलवार को जीआरपी थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और अपराध नियंत्रण पर बल दिया। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक रेलवे ने के थाने पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीएनएस, कार्यालय, महिला हेल्पडेस्क, मालखाना, बंदीगृह, शस्त्रागार और थाना कार्यालय का जायजा लिया। अभिलेखों का अवलोकन करते हुए लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आदेश दिए। उन्होंने ट्रेन में पत्थरबाजी की घटनाओं और रेलवे ट्रैक अवरोध जैसे स्थितियों को नियंत्रण को लेकर कर्मियों से सवाल पूछे।
पुलिस अधीक्षक ने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, आउटर पार्किंग, वेटिंग हॉल व बैरक का पैदल गश्त कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जीआरपी प्रभारी राजकुमार मौर्य को यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर अलर्ट मोड पर रहने, संदिग्ध व्यक्तियों और ज्वलनशील पदार्थों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।