जिला पंचायत सदस्य मनोज गुप्ता की फाइल फोटो।
- फोटो : जिला पंचायत सदस्य मनोज गुप्ता की फाइल फोटो।
फतेहपुर। 24 घंटे में ठंड से जिला पंचायत सदस्य समेत की दो की मौत हो गई। जिला पंचायत सदस्य मनोज गुप्ता को ब्रेन हेमरेज की शिकायत होने पर लखनऊ के मेदांता हाॅस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई।
असोथर के समीप हरनवां गांव निवासी मनोज गुप्ता ऐझी वार्ड से जिला पंचायत सदस्य थे। वह परिवार समेत लखनऊ में रहकर व्यवसाय करते थे। उनका गांव बराबर आना जाना रहता था। डीसीसी रविवार को पैतृक गांव से लखनऊ गए थे। लखनऊ पहुंचने पर उनकी तबियत बिगड़ गई और परिजनों ने उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया, वहां सोमवार की भोर उनकी मौत हो गई। पत्नी ने बताया कि ठंड लगने से पति को मेदांता में भर्ती कराया गया था। उनकी ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई।
इसी तरह बकेवर क्षेत्र के भैरमपुर निवासी किसान शिव कुमार निषाद (50) रविवार को खेत में पानी लगाए थे। इस दौरान उनकी तबियत खराब हो गई। घर आकर किसान ने झोलाछाप से दवा लिया। सोमवार को तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए फतेहपुर ले जा रहे थे। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पत्नी रामवती ने बताया कि पति की मौत ठंड लगने से हुई है। जहानाबाद थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि किसान की मौत की सूचना नहीं है।