फतेहपुर। सीएमओ ने कार्यालय की आधिकारिक ईमेल को हैक कर गोपनीय पत्रावलियों और सरकारी पत्राचार अनधिकृत लोगों तक पहुंचाने की आशंका जताते हुए एसपी को पत्र भेजा है। सीएमओ यूबी सिंह ने पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की है।
सीएमओ कार्यालय में सरकारी कामकाज के लिए ईमेल आईडी cmofpgmail.com का इस्तेमाल होता है। इसी ईमेल के जरिये कार्यालय के सामान्य और गोपनीय सरकारी पत्रों व अभिलेखों का आदान-प्रदान होता है। प्रारंभिक जांच में सरकारी ईमेल को विवो वी 2130 मोबाइल से खोले जाने के संकेत मिले हैं। विभाग का मानना है कि यह ईमेल अन्य कुछ डिवाइस में भी खोली गई है। इससे आशंका है कि सरकारी गोपनीय दस्तावेज किसी अनधिकृत व्यक्ति तक पहुंचे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ ने एसपी से जांच का अनुरोध किया है। उन्होंने डिजिटल विशेषज्ञों और डिजिटल अपराध इकाई के माध्यम से निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने के लिए कहा है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि ईमेल को किस उपकरण से, कब और किस तरीके से खोला गया है।